पटना। राजधानी पटना में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गांधी मैदान थाना क्षेत्र के राजेंद्र पथ स्थित दो बड़े आवासीय होटल मगध और एम्बेसडर के किचन में विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच के दौरान दोनों होटलों के किचन में नकली पनीर मिलने का मामला सामने आया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए दोनों होटलों के किचन को तीन दिनों के लिए सील कर दिया।

छापेमारी के दौरान होटलों के किचन में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। किचन में फैली गंदगी देखकर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी हैरान रह गए। मसालों के डिब्बों में जंग लगा हुआ था, वहीं तेल और मसालों के कारण किचन में गंदगी फैली हुई थी। इतना ही नहीं, वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री भी एक साथ रखी हुई मिली।

खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों और स्वच्छता के मानकों की अनदेखी किए जाने की बात भी जांच के दौरान सामने आई। किचन की बदहाल स्थिति को देखते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई की और तीन दिनों के लिए दोनों होटलों के किचन को सील कर दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है। विभाग की ओर से मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।