प्रतीक कुमार सिंह, मोतिहारी/पकड़ीदयाल।

लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच बाजार में श्रद्धालुओं की आस्था और आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल में कच्चे केले को कथित तौर पर केमिकल के जरिए महज 10 से 12 घंटे में पकाकर बाजार में बेचे जाने का खुलासा हुआ है। हैरानी की बात यह है कि केले पकाने के इस खेल में इस्तेमाल हो रहे लाल रंग के रसायन को लेकर कारोबारी भी बेखौफ नजर आ रहे हैं।

 

छठ महापर्व में केला पूजा सामग्री और प्रसाद का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। ऐसे में त्योहार के मौके पर केले की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी जल्द मुनाफा कमाने के लिए प्राकृतिक तरीके के बजाय कृत्रिम तरीके अपना रहे हैं। पकड़ीदयाल में सामने आए इस मामले ने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की पड़ताल के दौरान केले पकाने वाले युवक और कारोबारी सुनील कुमार ने कैमरे के सामने केमिकल के इस्तेमाल की बात स्वीकार की है। कारोबारी के मुताबिक, करीब 250 रुपये का केमिकल इस्तेमाल कर 50 से 100 बड़े-बड़े केले के हत्थों को कुछ ही घंटों में पकाया जाता है। कच्चे केले पर रसायन का इस्तेमाल करने के बाद उन्हें महज 10 से 12 घंटे में पीला कर बाजार में बिक्री के लिए तैयार कर दिया जाता है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि केले पकाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लाल रंग के रसायन की वास्तविक पहचान और उसकी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में यह जांच का विषय है कि इस्तेमाल किया जा रहा पदार्थ कौन-सा है और क्या खाद्य पदार्थों को पकाने में इसका इस्तेमाल कानूनी रूप से अनुमत है?

त्योहार के मौसम में बाजार में इस तरह के फल पहुंचने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। लोग छठ पूजा के लिए श्रद्धा के साथ फल खरीदते हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं होती कि फल प्राकृतिक रूप से पका है या किसी रसायन की मदद से।

अब सबसे बड़ा सवाल खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन की भूमिका को लेकर है। क्या विभाग को पकड़ीदयाल में चल रहे इस कारोबार की जानकारी है? यदि नहीं, तो बाजार में खाद्य पदार्थों की जांच किस स्तर पर हो रही है? प्रशासन कब इन ठिकानों पर छापेमारी कर इस्तेमाल किए जा रहे रसायन के नमूने की प्रयोगशाला में जांच कराएगा?

जरूरत है तत्काल कार्रवाई की। खाद्य सुरक्षा विभाग को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। केले पकाने वाले स्थानों का निरीक्षण कर इस्तेमाल किए जा रहे रसायन की पहचान की जाए और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो।

क्योंकि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और शुद्धता का प्रतीक है। इस पावन पर्व पर प्रसाद के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।

कैमरे पर केमिकल से केले पकाने की स्वीकारोक्ति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन कब जागता है और मिलावट के इस खेल पर कब लगाम लगती है।