पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। मधुबनी थाना क्षेत्र में केंद्रीय खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने युवक के घर से मोबाइल और लैपटॉप भी बरामद किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार STF की टीमें भी जांच में जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, IB की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मधुबनी थाना क्षेत्र के काली प्रसाद यादव टोला स्थित एक घर में अचानक छापेमारी की। इस दौरान शमीम अख्तर के पुत्र शाहिद अख्तर को हिरासत में लिया गया। युवक इसी इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
पाकिस्तान समेत कई जगहों से जुड़े नेटवर्क की आशंका
पुलिस और खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार युवक वर्ष 2025 से कथित तौर पर एक इस्लामिक कट्टरपंथी समूह के संपर्क में था। जांच में पाकिस्तान, हैदराबाद, पश्चिम बंगाल और देश के अन्य हिस्सों में मौजूद कुछ संदिग्ध लोगों से उसके संपर्क की बात सामने आने का दावा किया जा रहा है।

आरोप है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विशेष रूप से व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सक्रिय था। शाहिद अख्तर पर देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां देश-विदेश में मौजूद संदिग्ध हैंडलर्स के साथ साझा करने का संदेह है।
मोबाइल और लैपटॉप से खुल सकते हैं कई राज
खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट और डिजिटल गतिविधियों के आधार पर शाहिद अख्तर को जांच के दायरे में लिया गया था। इसके बाद IB की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया और मोबाइल तथा लैपटॉप जब्त कर लिया।
NIA और बिहार STF ने संभाली जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और बिहार स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की टीमें भी पूर्णिया पहुंचीं। अब संयुक्त रूप से संदिग्ध नेटवर्क, डिजिटल संपर्कों और कथित विदेशी कनेक्शन की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, देश के अन्य हिस्सों में इसके तार कहां तक फैले हैं और क्या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारियां वास्तव में साझा की गई थीं।
फिलहाल इस पूरे मामले में जांच जारी है। हालांकि, जांच एजेंसियों की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत खुलासे का इंतजार है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया में पुष्टि होना बाकी है। मामला सामने आने के बाद पूर्णिया के मधुबनी इलाके में चर्चा का माहौल है।
Continue With Google