पूर्णिया। जिले के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदा रेड लाइट एरिया में अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची से जबरन देह व्यापार कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विशेष अपराध इकाई, महिला थाना, मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) और मरंगा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, बीते 6 नवंबर को डीएसपी शिवानी श्रेष्ठ, विशेष अपराध, पूर्णिया के कार्यालय में एक आवेदन प्राप्त हुआ था। इसमें सूचना दी गई थी कि हरदा रेड लाइट एरिया में अरुणाचल प्रदेश की एक नाबालिग बच्ची को लाकर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में विशेष अपराध डीएसपी शिवानी श्रेष्ठ, महिला थाना, मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) और मरंगा थाना की पुलिस शामिल थी।

गठित टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान तीन पुरुष और एक महिला आपत्तिजनक स्थिति में मिले। मौके से इस्तेमाल किए हुए और नए कंडोम के पैकेट भी बरामद किए गए। पूछताछ में महिला ने बताया कि संबंधित नाबालिग बच्ची को हरदा से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के किसी अन्य स्थान पर भेज दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने मुफस्सिल थाना के सहयोग से चिह्नित स्थान पर छापेमारी की।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने लगे। इसी दौरान बाइक से फरार होने का प्रयास कर रहे एक महिला और एक पुरुष को पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं, मौके से भाग रही एक बच्ची को भी बरामद किया गया। बच्ची के नाम, पते और उम्र की जानकारी लेने तथा उपलब्ध तस्वीर से मिलान करने के बाद उसकी पहचान अरुणाचल प्रदेश की लापता नाबालिग के रूप में हुई।
इस मामले में विशेष अपराध इकाई की डीएसपी शिवानी श्रेष्ठ ने बताया कि बच्ची से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। बच्ची मोबाइल फोन नहीं दिलाने के कारण अपनी मां से नाराज होकर घर से निकल गई थी। वह सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां एक महिला ने उसे पार्लर में काम दिलाने का झांसा दिया और अपने साथ ले गई। आरोप है कि इसके बाद बच्ची को पूर्णिया लाकर आफताब खान उर्फ अंकित तिवारी के हाथों बेच दिया गया और उससे जबरन देह व्यापार कराया जाने लगा।
डीएसपी ने बताया कि मामले में छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। घटना का मुख्य सरगना अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है। गिरफ्तार सभी छह अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, डीएसपी शिवानी श्रेष्ठ ने महिलाओं और बच्चियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी परेशानी में घर छोड़ने के बजाय अपने माता-पिता से खुलकर बात करें। शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और अपनी समस्याएं परिवार के साथ साझा करें, ताकि वे किसी के झांसे या मानव तस्करी के जाल में फंसने से बच सकें।
फिलहाल पुलिस मामले के अन्य आरोपियों और मानव तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अनुसंधान जारी है।
Continue With Google