रिपोर्ट : संजय कुमार, पटना

पटना। बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार की अहले सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन कथित पेशेवर शूटरों को मार गिराया। वहीं अपराधियों की गोली लगने से मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए। उनके हाथ में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, मारे गए तीनों अपराधियों पर पंचायत समिति अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या में शामिल होने का आरोप था। तीनों पर सुपारी लेकर हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने का संदेह था।

सुबह 4:30 बजे आमने-सामने आई पुलिस और अपराधियों की टीम

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस और अपराधियों का आमना-सामना हो गया। पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की ओर से करीब 24 राउंड और पुलिस की ओर से लगभग 18 राउंड गोलियां चलाई गईं। करीब 20 मिनट तक चली गोलीबारी के बाद पुलिस ने तीनों अपराधियों को घेर लिया।

जवाबी कार्रवाई में तीनों अपराधी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए।

एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

पटना एसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, अपराध नियंत्रण और संभावित बड़ी वारदात को रोकने के लिए पुलिस ऑपरेशन की तैयारी कर रही थी। इसी क्रम में एसटीएफ और जिला पुलिस की अलग-अलग टीमें इलाके में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग शेरपुर इलाके में मौजूद हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ समाप्त होने के बाद तीनों घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटनास्थल से हथियार भी बरामद किए गए हैं।

मारे गए तीनों अपराधियों की हुई पहचान

पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान राजेश शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव के रूप में हुई है।

  • जेपी यादव: दानापुर के खगौल रोड का रहने वाला बताया गया है।

  • बबलू कुमार: मनेर थाना क्षेत्र के सुअरमरवा का निवासी था। वर्तमान में शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर फार्म में रह रहा था।

  • राजेश शर्मा: शाहपुर थाना क्षेत्र के दियारा इलाके का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस तीनों के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। घटनास्थल से बरामद हथियारों की भी जांच की जा रही है।

पंचायत समिति अध्यक्ष की हत्या से जुड़ा है मामला

दरअसल, बीते 19 अक्टूबर की रात करीब 9 से 10 बजे के बीच पिंटू कुमार उर्फ रंजीत कुमार अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर चार नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने करीब एक दर्जन राउंड गोलियां चलाई थीं।

इस गोलीबारी में पंचायत समिति अध्यक्ष संजीत कुमार की मौत हो गई थी, जबकि प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। शुरुआती जांच में पंचायत चुनाव से जुड़ी राजनीतिक रंजिश और आपसी विवाद का एंगल भी सामने आया था।

पुलिस इसी हत्याकांड की जांच के दौरान आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

पोस्टमार्टम और आगे की जांच जारी

मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही बरामद हथियारों, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अपराधियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

पटना में हुई इस बड़ी मुठभेड़ ने एक बार फिर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को चर्चा में ला दिया है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि पंचायत समिति अध्यक्ष की हत्या की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा इस हत्याकांड के पीछे असली वजह क्या थी।