कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में अपहरण कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं मिलने पर युवक की हत्या करने के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अपर सत्र न्यायाधीश पंचम विजेंद्र कुमार की अदालत ने शाहरुल अपहरण एवं हत्याकांड में छह दोषियों को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सभी दोषी आजमनगर थाना क्षेत्र के दिघलिया गांव के निवासी हैं।
अदालत ने जिन छह आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है, उनमें मोहम्मद गुलजार, प्रताप सिंह, मोहम्मद इमाम, विभीषण सिंह, मिथिलेश कुमार सिंह और शेखर सिंह शामिल हैं।
अपर लोक अभियोजक रामविलास पासवान के अनुसार, आजमनगर निवासी मोहम्मद शकील के पुत्र शाहरुल के लापता होने को लेकर 30 जनवरी 2022 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 1 फरवरी 2022 को मामले में आगे की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि शाहरुल का अपहरण कर उसके परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। आरोप था कि फिरौती की रकम नहीं मिलने पर अपहर्ताओं ने उसकी हत्या कर शव महानंदा नदी में फेंक दिया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को उस व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली, जिसने फोन कर शाहरुल को बुलाया था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच में छह लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
करीब चार साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने छह आरोपियों को दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अदालत के इस फैसले के बाद फिरौती के लिए अपहरण और हत्या के इस मामले में दोषियों को सजा मिल गई है।
Continue With Google