पूर्णिया। शहर के केहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरजा चौक स्थित एसएसबी कैंप के सामने हाउसिंग कॉलोनी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक साह के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अशोक साह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अशोक साह को तत्काल इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, पूर्णिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर और केहाट थानाध्यक्ष आर.के. ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
केहाट थानाध्यक्ष आर.के. ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि विवादित जमीन हाउसिंग बोर्ड की है या नहीं। उन्होंने बताया कि फिलहाल घायल के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर ने घटना को गंभीर बताते हुए स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जमीन विवाद में चाकूबाजी की इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। अब पुलिस जांच और पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Continue With Google