पूर्णिया। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मरंगा थाना क्षेत्र के शिव शक्ति नगर, वार्ड नंबर-24 में छापेमारी कर 856.06 ग्राम स्मैक और 5,05,090 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी किरण देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 75 लाख रुपये है।
मरंगा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 13 और 14 नवंबर की दरमियानी रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शिव शक्ति नगर वार्ड नंबर-24 निवासी स्वर्गीय शंभूनाथ चौधरी की पत्नी किरण देवी और उसका बेटा आनंद चौधरी अपने घर में स्मैक रखकर अवैध खरीद-बिक्री का कारोबार कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पूर्णिया को दी। एसएसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर एसडीओ की ओर से दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई।
इसके बाद दंडाधिकारी, डीआईयू यूनिट और मरंगा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के घर पर औचक छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को 856.06 ग्राम स्मैक और 5,05,090 रुपये नकद मिले। पुलिस ने मौके से किरण देवी को गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ-1 ने बताया कि स्मैक की गुणवत्ता और बाजार मांग के आधार पर इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.75 करोड़ रुपये आंकी गई है। मामले में मरंगा थाना कांड संख्या 467/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
Continue With Google