पूर्णिया। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंडा चौक के पास स्थित जय महावीर ट्रेडर्स चूड़ा मिल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मिल के मैनेजर विकास यादव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने शराब में जहर मिलाकर पिलाने और साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर, सदर थाना अध्यक्ष सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
मृतक के पिता भोला यादव ने आरोप लगाया कि चूड़ा मिल में काम करने वाले कर्मचारियों ने मिलकर उनके बेटे को शराब पिलाई, जिसमें कथित तौर पर जहर मिलाया गया था। इसी वजह से उसकी मौत हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, सदर एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा और यह स्पष्ट होगा कि मामला हत्या का है या मौत की कोई अन्य वजह है।
फिलहाल पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं। आखिर चूड़ा मिल के मैनेजर विकास यादव की मौत के पीछे क्या राज छिपा है? क्या यह सामान्य मौत है या फिर किसी साजिश का नतीजा? इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।
Continue With Google