पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच पूर्णिया रेलवे जंक्शन पर एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। छठ पूजा की सामग्री खरीदने घर से निकले एक युवक ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में युवक के दोनों हाथ और एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घायल युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लकड़ी पट्टी निवासी मुरली मंडल के पुत्र मनीष कुमार मंडल के रूप में हुई है।
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने युवक की स्थिति गंभीर बताई है।
घटना के संबंध में घायल के भाई दीपक कुमार ने बताया कि मनीष छठ पूजा की सामग्री खरीदने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के नीचे पटरी पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई और मनीष उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसने अपने दोनों हाथ और एक पैर गंवा दिए।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में छठ महापर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। घायल मनीष की हालत को लेकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह हादसा एक बार फिर रेलवे पटरी पार करने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित करता है। रेलवे प्रशासन लगातार लोगों से रेलवे ट्रैक को अनधिकृत तरीके से पार नहीं करने की अपील करता रहा है।
Continue With Google