पटना। राजधानी पटना में साइबर ठगी के नेटवर्क के खिलाफ एसटीएफ, साइबर पुलिस और स्थानीय थाने की पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग अपार्टमेंट में एक साथ छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। इस दौरान करीब 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है। वहीं, पुलिस को कई अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की पहली टीम ने राजाबाजार के मशली गली स्थित सुशील रेसिडेंसी अपार्टमेंट में छापेमारी की। यहां करीब 30 से 40 पुलिसकर्मियों की टीम पहुंची थी। दूसरी टीम ने बोरिंग रोड के मोंटेसरी लेन स्थित मेरिडियन अपार्टमेंट में जांच की। वहीं, तीसरी टीम पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी अपार्टमेंट पहुंची और संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
बताया जा रहा है कि साइबर पुलिस को इन ठिकानों से साइबर ठगी का नेटवर्क संचालित होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर एसटीएफ और साइबर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ कार्रवाई की। छापेमारी में एसटीएफ के अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिसकर्मी भी शामिल थे।
फ्लैट नंबर 301 में भी हुई छापेमारी
पत्रकार नगर स्थित शाही कुशुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 301 में पुलिस ने विशेष रूप से जांच की। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस फ्लैट में कुनाल कुमार रहते हैं, जिनका पाटलिपुत्र इलाके में साइबर कैफे बताया जा रहा है। हालांकि, साइबर ठगी के नेटवर्क में उनकी कथित भूमिका को लेकर पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि इसी अपार्टमेंट में पूर्व में एनआईए की टीम भी छापेमारी कर चुकी है। उस कार्रवाई को झारखंड में आरएसएस कार्यालय पर हुए हमले की जांच से जोड़कर देखा गया था।
पुलिस की कार्रवाई से अपार्टमेंट में मचा हड़कंप
सुबह-सुबह बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के पहुंचने से तीनों अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और सुरक्षा गार्ड से भी पुलिस ने पूछताछ की। गार्ड ने बताया कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को देखकर वे लोग भी घबरा गए थे।
इस पूरे मामले में अब तक 30 से 32 लोगों को हिरासत में लिए जाने और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद होने की सूचना है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान, उनकी भूमिका और बरामद दस्तावेजों के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। दस्तावेजों की जांच के बाद साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके संचालन के तरीके का खुलासा होने की उम्मीद है।
Continue With Google