पूर्णिया। बॉलीवुड फिल्म शोले में धर्मेंद्र बसंती को मनाने के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। कुछ ऐसा ही नजारा पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिल्की गांव में देखने को मिला, जहां एक युवक आईफोन खरीदने की जिद में 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक की इस हरकत से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, युवक मूल रूप से दरभंगा जिले का रहने वाला है और पूर्णिया के मरंगा इलाके में मखाना फोड़ी का काम करता है। बताया जाता है कि युवक आईफोन खरीदना चाहता था, लेकिन उसके पास पर्याप्त पैसे नहीं थे। इसके लिए उसने एक साहूकार से पैसे मांगे। हालांकि, साहूकार द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने के बाद युवक ने खतरनाक कदम उठा लिया और 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह आईफोन खरीदने की जिद करने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सबसे पहले बिजली विभाग से संपर्क कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवक को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

इस संबंध में मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सबसे पहले बिजली कटवाई गई और काफी मशक्कत के बाद युवक को टावर से नीचे उतारा गया। इसके बाद उसे समझाया-बुझाया गया। फिलहाल युवक पूरी तरह ठीक है।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि महंगे मोबाइल और दिखावे की चाह में आखिर कोई अपनी जिंदगी को जोखिम में कैसे डाल सकता है। आईफोन या कोई भी महंगा सामान जिंदगी से बढ़कर नहीं है। हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ना जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसी घटनाओं की नकल बिल्कुल नहीं करनी चाहिए।