प्रतीक कुमार सिंह, मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी में रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुजफ्फरपुर से दिल्ली जा रही सप्तक्रांति एक्सप्रेस के इंजन पर एक युवक चढ़ गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन में सीट नहीं मिलने से नाराज युवक ने यह खतरनाक कदम उठाया। युवक इंजन के ऊपर बैठकर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा करता रहा। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, युवक की इस हरकत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही चकिया आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को इंजन से नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। जवान करीब 20 मिनट तक युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे। काफी मशक्कत के बाद आरपीएफ की टीम युवक को सुरक्षित इंजन से नीचे उतारने में सफल रही।
इसके बाद आरपीएफ ने युवक को अपने कब्जे में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। युवक आखिर किन परिस्थितियों में इंजन पर चढ़ा और इस दौरान रेलवे परिचालन एवं सुरक्षा पर क्या असर पड़ा, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रेन के इंजन पर किसी व्यक्ति का इस तरह चढ़ जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। खासकर हाई वोल्टेज बिजली की मौजूदगी में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
फिलहाल आरपीएफ युवक से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी।
Continue With Google