पूर्णिया: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूर्णिया में इस बार भव्य और आकर्षक नजारा देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख प्रवेश द्वारों और सार्वजनिक स्थलों को रंग-बिरंगी बिजली की झालरों और आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। पूर्णिया एयरपोर्ट, रेलवे जंक्शन, बस स्टैंड और दालकोला चेक पोस्ट से लेकर आरएन साह चौक और गिरजा चौक तक छठमय माहौल नजर आ रहा है।
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए गए हैं। वहीं, छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। बाहर से पूर्णिया आने वाले प्रवासियों का स्वागत इस बार शहर की रोशनी और छठ की भव्य सजावट से हो रहा है।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। साफ-सफाई के साथ-साथ शहर के सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों को आकर्षक रूप दिया गया है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को पूर्णिया में प्रवेश करते ही छठ की विशेष रौनक का एहसास हो।
इसी क्रम में देर शाम जिलाधिकारी अंशुल कुमार और नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडेय ने अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न सजावट स्थलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस बार पूर्णिया की सड़कों पर सिर्फ रोशनी ही नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सचमुच, छठ महापर्व पर पूर्णिया की यह छटा मन मोह लेने वाली है।
Continue With Google