पूर्णिया। दीपावली के पावन पर्व से पूर्व जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया के विद्यार्थियों ने सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय सेवा की अनूठी मिसाल पेश की। विद्यालय के विद्यार्थियों ने पूर्णिया स्थित अनाथालय एवं गुरुकुलम पहुंचकर वहां रहने वाले बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं और उन्हें अपनत्व एवं स्नेह का एहसास कराया।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पुलोमा नंदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कक्षा प्रथम, द्वितीय एवं नवमी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने स्वैच्छिक योगदान से मिठाइयां, ड्राई फ्रूट्स, बिस्कुट, नमकीन, चिप्स सहित विभिन्न खाद्य सामग्रियां एकत्रित कर बच्चों के बीच वितरित कीं।

कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के बच्चों के बीच आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एक साथ खेल खेले, गीत गाए और कविता पाठ किया। इसके अलावा बच्चों ने अपने अनुभव, विचार और सपने भी एक-दूसरे के साथ साझा किए। इस पहल से बच्चों के बीच आपसी मेलजोल और मित्रता की भावना मजबूत हुई।

 

इस अवसर पर जी.डी. गोयनका के विद्यार्थियों को भी जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण सीख मिली। उन्होंने अनाथालय एवं गुरुकुलम में रहने वाले बच्चों से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, जीवनशैली और अनुभवों को समझा। साथ ही आत्मनिर्भरता, अनुशासन, अपने कार्य स्वयं करने और विपरीत परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा ली।

 

कार्यक्रम में सीनियर एकेडमिक कोऑर्डिनेटर श्री त्रिबेनी पांडेय, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर श्रीमती इंद्राणी मुखर्जी, श्री बिक्रम, सुश्री श्रद्धा मैती, श्री तन्मय आनंद एवं विद्यालय के पीआरओ श्री राहुल शांडिल्य उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया।

 

विद्यालय की निदेशक एवं प्राचार्या श्रीमती पुलोमा नंदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान और बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों में करुणा, सहयोग, मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है।

 

जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल की इस पहल की सराहना की जा रही है। विद्यार्थियों ने अपने कार्यों से यह संदेश दिया कि दीपावली की असली खुशी केवल अपने घरों को रोशन करने में नहीं, बल्कि जरूरतमंदों और वंचित बच्चों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाने में है।