बेगूसराय के बलिया नगर परिषद में भ्रष्टाचार का आरोप, करोड़ों के खर्च पर उठे सवाल
आरटीआई के आंकड़ों के आधार पर बीजेपी नेता राकेश रोशन उर्फ मुन्ना ने किया वित्तीय अनियमितता का दावा, डीएम से उच्चस्तरीय जांच की मांग
मुकेश सिंह, ब्यूरो बेगूसराय। जिले के बलिया नगर परिषद में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और खर्च की गई राशि को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। बीजेपी नेता राकेश रोशन उर्फ मुन्ना ने आरटीआई से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर नगर परिषद में करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने सरकारी धन के इस्तेमाल और योजनाओं की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
राकेश रोशन के मुताबिक, नगर परिषद क्षेत्र में 10 एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाने के नाम पर करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, 60 हाईमास्ट लाइटों पर लगभग 5 करोड़ रुपये खर्च होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा, नगर परिषद क्षेत्र में लगाई गई 800 तिरंगा लाइटों में से करीब 700 लाइटों के खराब होने का दावा भी किया गया है।
बीजेपी नेता का सवाल है कि जब सरकारी योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, तो इसका लाभ आम जनता को क्यों नहीं मिल रहा है? यदि इतनी बड़ी राशि खर्च हुई है, तो योजनाओं की वर्तमान स्थिति और उनकी उपयोगिता की जांच क्यों नहीं की जा रही है?
उन्होंने कहा कि सरकारी धन जनता की गाढ़ी कमाई है और इसके खर्च का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। योजनाओं के नाम पर राशि खर्च होने के बावजूद यदि उपकरण खराब पड़े हैं या जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
इस मामले को लेकर राकेश रोशन उर्फ मुन्ना ने जिलाधिकारी और नगर विकास एवं आवास विभाग से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित योजनाओं की निविदा प्रक्रिया, भुगतान, कार्य की गुणवत्ता और वास्तविक स्थिति की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जांच कराएगा? क्या आरटीआई में सामने आए खर्च के आंकड़ों और धरातल पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का मिलान होगा? फिलहाल, इस मामले में प्रशासनिक जांच और आधिकारिक पक्ष का इंतजार है।
Continue With Google