करन कुमार, कटिहार: बिहार के कटिहार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दूसरी जाति के युवक से प्रेम विवाह करने पर एक परिवार ने अपनी ही बेटी से सारे रिश्ते खत्म करने का फैसला कर लिया। नाराज पिता और भाई ने बेटी के जीवित रहते ही उसका श्राद्ध कर्म कर दिया। इस घटना की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
मामला कदवा थाना क्षेत्र के निझरा गांव का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्याम ठाकुर की बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ पहलागढ़ गांव के रहने वाले अजय पासवान से प्रेम विवाह कर लिया। बताया जा रहा है कि अजय पासवान, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना पासवान के पुत्र हैं।
दोनों के बीच प्रेम संबंध के बाद शादी का फैसला परिवार को मंजूर नहीं था। खासकर दूसरी जाति में विवाह करने को लेकर लड़की के परिजन नाराज बताए जा रहे हैं। बेटी ने अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनकर नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया, लेकिन परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार करने के बजाय उससे नाता तोड़ लिया।
बताया जा रहा है कि बेटी के इस फैसले से आहत पिता और भाई ने उसके जीवित रहते ही श्राद्ध कर्म कर दिया। इसके साथ ही भविष्य में उससे किसी तरह का संबंध नहीं रखने की बात भी कही गई है।
इस घटना ने परिवार और सामाजिक रिश्तों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस बेटी को कभी गोद में खिलाकर बड़ा किया गया, उसी को अपनी पसंद से शादी करने पर परिवार ने मृत समान मान लिया। एक तरफ बेटी ने अपने प्यार के साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया, तो दूसरी तरफ परिवार ने उससे सारे रिश्ते खत्म करने का कदम उठा लिया।
फिलहाल, इस मामले में संबंधित पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सवाल यह है कि क्या अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनना इतना बड़ा अपराध है कि माता-पिता अपनी ही बेटी का जीते-जी श्राद्ध कर दें?
Continue With Google