अनिल कुमार शर्मा, (ब्यूरो प्रमुख) पूर्णिया। पूर्णिया जिले समेत सीमांचल के विभिन्न इलाकों में अर्णव तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 72 घंटे लोगों के लिए सतर्क रहने वाले होंगे। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल सीमांचल के जिलों को येलो अलर्ट जोन में रखा गया है। मौसम में बदलाव के कारण तेज हवाएं चलने और आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली चमकने या गरज के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की गई है। किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है।
फिलहाल मौसम विभाग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। अगले 72 घंटों के दौरान मौसम में होने वाले बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
Continue With Google