अनिल कुमार शर्मा, (ब्यूरो प्रमुख) पूर्णिया। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-06 की मतगणना मंगलवार को दोपहर 3 बजे के बाद शुरू हुई। शुरुआती तीन राउंड की गिनती में भाजपा प्रत्याशी डॉ. एनके यादव ने बढ़त बना रखी है। राजद के नीतेश कुमार और जन सुराज के रजनीश रंजन भी मुकाबले में बने हुए हैं। शुरुआती रुझानों में भाजपा और राजद के बीच मुकाबला दिलचस्प नजर आ रहा है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पहले राउंड में भाजपा के एनके यादव को 2,493 वोट मिले, जबकि राजद के नीतेश कुमार को 1,769 और जन सुराज के रजनीश रंजन को 1,534 वोट प्राप्त हुए। इस राउंड में कुल 6,990 मतपत्रों की गिनती हुई, जिनमें 729 मतपत्र अवैध पाए गए।
दूसरे राउंड में भी भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त कायम रखी। एनके यादव को 2,446 वोट, राजद के नीतेश कुमार को 1,768 वोट और जन सुराज के रजनीश रंजन को 1,186 वोट मिले। इस राउंड में कुल 7,000 मतपत्रों की गिनती हुई, जिनमें 839 अवैध और 6,161 वैध मतपत्र शामिल थे।
तीसरे राउंड में भाजपा के एनके यादव को 2,396 वोट मिले, जबकि राजद के नीतेश कुमार को 1,410 और जन सुराज के रजनीश रंजन को 1,608 वोट प्राप्त हुए।
तीन राउंड के बाद भाजपा को बढ़त
तीन राउंड के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा के एनके यादव को कुल 7,335 वोट, राजद के नीतेश कुमार को 4,947 वोट और जन सुराज के रजनीश रंजन को 4,328 वोट मिले हैं। इस तरह एनके यादव राजद के नीतेश कुमार से 2,388 वोटों और जन सुराज के रजनीश रंजन से 3,007 वोटों से आगे चल रहे हैं।
मतगणना के दौरान मतपत्रों को वैध और अवैध श्रेणियों में बांटकर उनकी गिनती की जा रही है। परिणाम को लेकर राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों और समर्थकों की निगाहें मतगणना केंद्र पर टिकी हुई हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा के एनके यादव अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर पाते हैं, या राजद के नीतेश कुमार अथवा जन सुराज के रजनीश रंजन आगे के राउंड में मुकाबले को नया मोड़ देते हैं। फिलहाल, शुरुआती तीन राउंड में भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं और अंतिम नतीजे के लिए आगे की मतगणना का इंतजार है।
Continue With Google