अनिल कुमार शर्मा (ब्यूरो प्रमुख) पूर्णिया। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-06 के द्विवार्षिक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई है। प्रथम वरीयता और द्वितीय वरीयता के मतों की लंबी मतगणना प्रक्रिया पूरी होने के बाद घोषित परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 11 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ही कोसी स्नातक सीट पर उनका प्रतिनिधित्व बरकरार रहा।

प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में डॉ. एनके यादव को 24,528 मत प्राप्त हुए, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रत्याशी नितेश कुमार को 18,918 और जनसुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन को 15,536 मत मिले। इस चरण में भाजपा प्रत्याशी 5,610 मतों से आगे थे। हालांकि, प्रथम वरीयता के मतों से निर्धारित जीत का कोटा पूरा नहीं होने के कारण एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती कराई गई।
द्वितीय वरीयता के मतों की छंटनी और स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. एनके यादव की बढ़त 11 हजार से अधिक मतों तक पहुंच गई। इसके बाद उन्हें विजयी घोषित किया गया। पूर्णिया जिला स्कूल परिसर स्थित मतगणना केंद्र पर परिणाम की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया तथा एक-दूसरे को बधाई दी।
परिणाम की औपचारिक घोषणा के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने डॉ. एनके यादव को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। लगातार तीसरी बार विधान परिषद पहुंचने के साथ उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक स्थिति और प्रतिनिधित्व बनाए रखा है।
पारदर्शी तरीके से पूरी हुई मतगणना : प्रेक्षक

चुनाव के प्रेक्षक प्रेम सिंह मीणा ने डॉ. एनके यादव को विजयी घोषित किए जाने की पुष्टि की। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया में शामिल सभी गणनाकर्मियों और उम्मीदवारों की सराहना करते हुए कहा कि पूरी मतगणना पारदर्शी तरीके से सभी की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। इस दौरान सभी का पर्याप्त सहयोग मिला। उन्होंने मतगणना कार्य में लगे कर्मियों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े लोगों के सहयोग की भी सराहना की।
Continue With Google