करन कुमार, कटिहार। जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र के बलुआघट्टी में रविवार को एक नाश्ते की दुकान पर एलपीजी सिलिंडर में अचानक ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद दुकान में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में चार मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों में एक बच्चे और 35 वर्षीय व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बलुआघट्टी स्थित एक फास्ट फूड दुकान पर कुछ लोग नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एलपीजी सिलिंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद दुकान पर मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे में अनंत परिहार, आयुष कुमार, प्रियांशु, राम और आर्यन कुमार झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मनिहारी अनुमंडल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर डॉ. राकेश पराशर ने बताया कि बलुआघट्टी से पांच झुलसे हुए मरीज अस्पताल पहुंचे थे। इनमें चार बच्चे और एक 35 वर्षीय व्यक्ति शामिल थे। उन्होंने बताया कि आयुष कुमार और अनंत परिहार की स्थिति अधिक गंभीर थी। सभी घायलों का तत्काल उपचार किया गया और प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है। फिलहाल सिलिंडर में विस्फोट होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।