करन कुमार, कटिहार। छठ महापर्व के दौरान गंगा स्नान के लिए मनिहारी जा रहे एक परिवार की खुशियां चंद पलों में मातम में बदल गईं। कटिहार-मनिहारी मुख्य सड़क पर मनिहारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना निवासी 68 वर्षीय शंभू सिंह अपने परिवार के सदस्यों और पड़ोसी के साथ किया कार से मनिहारी गंगा घाट पर स्नान करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। बताया जा रहा है कि कटिहार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार के चालक को खड़ा ट्रक समय रहते दिखाई नहीं दिया और कार ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे में 68 वर्षीय शंभू सिंह, उनकी पत्नी उषा सिंह और पड़ोसी महिला मंजू रानी शाह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे और कार चालक को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। वहीं, मृतकों के शव को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष झा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण बालू लदा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान कटिहार की ओर से आ रही किया कार पीछे से ट्रक में टकरा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग घायल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गंगा स्नान की आस्था लेकर निकले परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से कटिहार के बैगना इलाके में शोक की लहर है। जिस यात्रा की शुरुआत श्रद्धा और उत्साह के साथ हुई थी, उसका अंत एक दर्दनाक हादसे में हो गया।
Continue With Google