पूर्णिया के मधुबनी में पिछले सात दशकों से आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक बनी मां काली की भव्य पूजा अब राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मधुबनी स्थित मां काली मंदिर के काली पूजा महोत्सव को अगले वर्ष से राजकीय महोत्सव का दर्जा देने की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं, पूजा समिति के सदस्यों और शहरवासियों में खुशी की लहर है।

मधुबनी की काली पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पूर्णिया की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। यहां पिछले 70 वर्षों से लगातार भव्य तरीके से मां काली की पूजा होती आ रही है। हर साल पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इस बार भी पूजा को लेकर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है, जहां बंगाली परंपरा और विधि-विधान के अनुसार मां काली की आराधना की जा रही है।

बंगाली परंपरा में सजा भव्य पंडाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण

इस वर्ष मधुबनी काली पूजा की खासियत इसका भव्य पंडाल है, जिसका निर्माण बंगाली शैली में कराया गया है। पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज यादव और सदस्य मनोज पासवान ने बताया कि पंडाल निर्माण में बंगाल के कुशल कारीगरों की कला देखने को मिल रही है। वहीं, बंगाल के कलाकारों द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के मनोरंजन के लिए कई तरह के झूले और आकर्षक दुकानें लगाई गई हैं। शाम होते ही रोशनी से सजा मेला परिसर उत्सव के रंग में डूब जाता है।

महिला और पुरुष पहलवानों का दंगल, दूसरे राज्यों से पहुंचते हैं खिलाड़ी

मधुबनी काली पूजा मेले की सबसे खास पहचान यहां आयोजित होने वाली महिला और पुरुष दंगल प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता में बिहार के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से महिला एवं पुरुष पहलवान हिस्सा लेने पहुंचते हैं। अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक जुटते हैं। महिला पहलवानों की भागीदारी इस आयोजन को और भी खास बनाती है।

ठाकुरबाड़ी के दुर्गा पूजा महोत्सव को भी मिलेगा राजकीय दर्जा

मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने मधुबनी स्थित मां काली मंदिर के साथ-साथ श्री गोकुल कृष्ण सिंह ठाकुरबाड़ी में आयोजित होने वाले भव्य दुर्गा पूजा महोत्सव को भी राजकीय महोत्सव का दर्जा देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इन दोनों धार्मिक स्थलों को सरकारी स्तर पर पहचान मिलने से पूर्णिया की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को व्यापक पहचान मिलेगी।

 

इस दौरान महापौर विभा कुमारी ने नगर निगम की ओर से मंत्री का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने इस घोषणा को पूर्णिया के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे शहर की धार्मिक परंपराओं को नई पहचान मिलेगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मंदिर कमेटी की ओर से मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल एवं महापौर विभा कुमारी का चुनरी और बुके देकर स्वागत किया गया। मौके पर पूजा कमेटी के अध्यक्ष पंकज यादव, कोषाध्यक्ष कुंदन यादव, सचिव चंदन यादव, डॉ. प्रणव यादव, उप महापौर पल्लवी गुप्ता, भाजपा नेत्री नूतन गुप्ता, पंकज निराला, वार्ड पार्षद अंजनी साह, जितेंद्र यादव, राहुल मिश्रा, मुरारी झा, शंकर झा और बहादुर यादव सहित सैकड़ों स्थानीय लोग एवं पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

70 साल की परंपरा को मिलेगी नई पहचान

मधुबनी की काली पूजा ने सात दशकों तक अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को कायम रखा है। अब राजकीय महोत्सव का दर्जा मिलने की घोषणा से उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और बड़े स्तर पर आयोजित होगा। सरकारी सहयोग से सांस्कृतिक कार्यक्रमों, दंगल प्रतियोगिताओं और धार्मिक आयोजनों को नया विस्तार मिल सकता है। इससे पूर्णिया को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर एक नई पहचान मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।