पूर्णिया। जिले के कसबा थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़बनैली में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। गढ़बनैली हाई स्कूल के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार ने घर के बरामदे में बैठे लोगों को कुचल दिया। इस घटना में दो महिलाओं और दो मासूम बच्चों समेत कुल छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए जीएमसीएच भेजा गया। गंभीर रूप से घायल सुनीता देवी, आर्यन कुमार, गुलशन कुमार और राहुल कुमार का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, लाडली कुमारी और अनोखी देवी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

घटना के संबंध में स्थानीय निवासी रेखा देवी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे कसबा की ओर से एनएच-27 की तरफ आ रही तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित घर में जा घुसी। कार ने घर के बरामदे में बैठे लोगों को रौंद दिया। इसके बाद घर में खड़ी एक अन्य कार को जोरदार टक्कर मारते हुए घर की दीवार तोड़ दी और अंत में एक पेड़ से जा टकराई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इस भीषण दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।