अररिया। जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बीड़ी पुल के समीप उस समय हुआ, जब छेका-तिलक समारोह से लौट रहे मेहमानों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज से अररिया जिले के सिकटी प्रखंड अंतर्गत भवटिया गांव में आयोजित छेका-तिलक समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह से वापस लौटने के दौरान बुधवार की रात करीब 11 बजे उनकी स्कॉर्पियो बीड़ी पुल के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी।

हादसे की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नहर में डूबी स्कॉर्पियो में सवार सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक घायल व्यक्ति का इलाज जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस का पूरा सहयोग किया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को नहर से बाहर निकालने के लिए जेसीबी और रस्सी की मदद ली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
अररिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 18 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि दुर्घटना के बाद इलाके में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक खुशियों भरे पारिवारिक समारोह को मातम में बदल दिया। एक साथ छह लोगों की मौत से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
Continue With Google