कटिहार। जिले में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा पोठिया थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित बखरी मोड़ के पास हुआ। ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह के समय तीनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय इलाके में धुंध छाई हुई थी। ऐसे में दुर्घटना की एक वजह कम दृश्यता भी हो सकती है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान समेली प्रखंड के विष्णुचक गांव, वार्ड संख्या-9 निवासी जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू (22 वर्ष), भीम कुमार साह (35 वर्ष) और बाजू कुमार साह (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, मनीष कुमार साह (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

एक ही गांव के तीन युवकों की मौत से विष्णुचक गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। जिस गांव में सुबह तक सामान्य दिनचर्या थी, वहां अब हर तरफ अपनों को खोने का गम और चीख-पुकार सुनाई दे रही है।