पूर्णिया। पूर्णिया प्रेस क्लब भवन में आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विधि व्यवस्था) राजकुमार गुप्ता, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रणव कुमार झा सहित जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए।

इस अवसर पर पत्रकारिता की निष्पक्षता, जवाबदेही और लोकलुभावन विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पत्रकारों ने अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों, समस्याओं और पत्रकारिता की बदलती भूमिका पर भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम विधि व्यवस्था राजकुमार गुप्ता और प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रणव कुमार झा ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज का आईना भी है। पत्रकारों की जिम्मेदारी है कि वे निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ समाज के सामने सच्चाई रखें।

उन्होंने कहा कि जिले के कई पत्रकार पूरी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। चुनाव हो या छठ महापर्व, हर महत्वपूर्ण अवसर पर पत्रकारों ने अपनी कार्यक्षमता और कौशल का परिचय दिया है।

अधिकारियों ने यह भी स्वीकार किया कि पत्रकारों के सामने कई तरह की समस्याएं और चुनौतियां हैं। इन समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन और सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने, जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने और पत्रकारों की समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।