पूर्णिया। पूर्णिया पुलिस ने पिछले पांच महीनों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से स्कॉर्पियो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक संगठित अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क बिहार के कई जिलों में फैला हुआ था। गिरोह के सदस्य पूर्णिया से स्कॉर्पियो चोरी करने के बाद उनकी पहचान बदलने के लिए रीमॉडलिंग करवाते थे और फिर दूसरे जिलों में बेच देते थे।

इस मामले में पूर्णिया के एसडीपीओ वन अभिनव पाराशर ने बताया कि पुलिस ने चोरी की घटनाओं के पैटर्न और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों के सुराग के आधार पर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान गिरोह के संगठित नेटवर्क का पता चला। उन्होंने बताया कि आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित एक गैरेज में चोरी की स्कॉर्पियो की रीमॉडलिंग की जाती थी। पुलिस ने वहां छापेमारी कर दो स्कॉर्पियो बरामद की हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि इस गिरोह का नेटवर्क मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और अररिया जिले के फारबिसगंज तक फैला हुआ था। गिरोह के सदस्य अलग-अलग समय पर पूर्णिया के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कॉर्पियो चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद चोरी की गई गाड़ियों को दूसरे जिलों में ले जाकर उनका स्वरूप बदलकर बेचने की तैयारी की जाती थी।

पुलिस के अनुसार, जिले में स्कॉर्पियो चोरी के कुल चार मामलों में से तीन का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया है, जबकि चौथे मामले में वाहन की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि पुलिस अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की उम्मीद है।