प्रतीक कुमार सिंह, मोतिहारी। बिहार में ठेकेदारी और टेंडर विवाद को लेकर एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। मोतिहारी स्थित भवन निर्माण विभाग के कार्यालय में टेंडर विवाद के दौरान कथित तौर पर हवाई फायरिंग किए जाने से कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, भवन निर्माण विभाग के अभियंता चंदन कुमार अपने कार्यालय में काम कर रहे थे। इसी दौरान एक ठेकेदार वहां पहुंचा। बताया जाता है कि टेंडर को लेकर अभियंता और ठेकेदार के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखी नोकझोंक में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान ठेकेदार ने हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से कार्यालय में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने गोली चलने की घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है। फुटेज में एक युवक गोली का खोखा लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

प्रभारी एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

सरकारी कार्यालय के अंदर गोली चलने की इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था और सरकारी संस्थानों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, टेंडर विवाद में हुई इस घटना के बाद अब सभी की नजर पुलिस की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी है।