अमित सिंह, हरदोई। संडीला में वाशिंग सेंटर कर्मचारी सतीश चंद्र शुक्ला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके साथी कर्मचारी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान हुए विवाद और मारपीट के बाद मुर्गा बनाए जाने से अपमानित आरोपी ने रंजिश पाल ली थी। इसी खुन्नस में उसने सतीश की बेरहमी से हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, अतरौली थाना क्षेत्र के देवपाई गांव निवासी 50 वर्षीय सतीश चंद्र शुक्ला संडीला नवीन मंडी के पास स्थित हमारा-तुम्हारा वाशिंग सेंटर में काम करते थे। अकबरपुर निवासी मनोज कुमार भी इसी सेंटर पर कर्मचारी था। दोनों एक ही दुकान में रहते थे।
24 नवंबर को वाशिंग सेंटर के पास खेत में सतीश का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटनास्थल पर शव के सिर के पास बांका भी पड़ा मिला था। मामले में मृतक के बड़े भाई प्रेमशंकर शुक्ला ने 25 नवंबर को मनोज कुमार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर कई वार और गले की हड्डी टूटने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई।
प्रभारी निरीक्षक अनुराग सिंह के मुताबिक, घटना की रात दोनों कर्मचारियों ने साथ में शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि सतीश ने मनोज के साथ मारपीट की और उसे मुर्गा बनाया था। इस घटना से मनोज काफी अपमानित महसूस कर रहा था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में आरोपी ने 25 नवंबर की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच सतीश पर हमला कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार को आसू सराय तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामूली विवाद और अपमान की खुन्नस में हुई इस वारदात ने एक बार फिर आपसी रंजिश के खौफनाक अंजाम को उजागर कर दिया है।
Continue With Google