पूर्णिया। जिले के भवानीपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को अंचल अमीन प्रमोद कुमार उरांव को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई सुबह करीब 11 बजे प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार के पास की गई। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत के माधवनगर निवासी बिलास साह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन की मापी रिपोर्ट देने के एवज में अंचल अमीन प्रमोद कुमार उरांव उनसे 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने मामले का सत्यापन किया। इसके बाद निगरानी डीएसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई गई।

जाल बिछाकर अमीन को दबोचा

निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शिकायतकर्ता और अमीन के बीच 20 हजार रुपये देने पर सहमति बनी थी। गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर रिश्वत की राशि अमीन को सौंपी, पहले से तैयार निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अमीन को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

अन्य कर्मियों से भी घंटों पूछताछ

अमीन की गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम ने अंचल कार्यालय के अन्य कर्मियों से भी घंटों पूछताछ की। निगरानी डीएसपी संतोष कुमार के अनुसार, मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भवानीपुर में निगरानी विभाग की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में केवल गिरफ्तार अमीन की भूमिका थी या अन्य कर्मी भी इसमें शामिल थे।