पूर्णिया। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पूर्णिया के सौरा नदी तट पर श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं नदी में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रही हैं। पूर्णिया के अलावा मधेपुरा, सहरसा, अररिया सहित दूर-दराज के इलाकों से भी महिलाएं कार्तिक पूर्णिमा का पवित्र स्नान करने सौरा नदी घाट पहुंच रही हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन पवित्र नदी में स्नान और पूजा-अर्चना का विशेष महत्व है। इसी आस्था के साथ महिलाएं नदी में स्नान करने के बाद घाट पर ही मां गंगा की विधि-विधान से पूजा कर रही हैं। पूजा के दौरान फूल, बेलपत्र और प्रसाद अर्पित करने के साथ दीप और अगरबत्ती जलाकर मां गंगा का आह्वान किया जा रहा है। वहीं, कई महिलाएं भक्ति गीत गाकर मां गंगा की महिमा का गुणगान करती नजर आ रही हैं।
इस दौरान घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। स्नान और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही महिलाओं का पहुंचना जारी है। श्रद्धालुओं का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
वहीं, कार्तिक पूर्णिमा की संध्या बेला में सौरा नदी तट पर भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। सिटी काली मंदिर के समीप स्थित सौरा नदी घाट पर होने वाली गंगा आरती को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। नगर निगम की ओर से घाट की साफ-सफाई कराई जा रही है, जबकि श्रीराम सेवा संघ के कार्यकर्ता आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं।
इस बार आयोजन का मुख्य आकर्षण 21 हजार दीपों से होने वाली भव्य गंगा आरती होगी। इसके साथ ही करीब 50 हजार लोगों के एक साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करने का भी कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इतने बड़े पैमाने पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और दीपों से सजे घाट को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
दीपों की रोशनी, मां गंगा की आरती और सामूहिक हनुमान चालीसा के पाठ से सौरा नदी का तट भक्तिमय माहौल में सराबोर होगा।
कार्तिक पूर्णिमा के इस विशेष अवसर पर सौरा नदी घाट पर सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। हमारे संवाददाता ने सौरा नदी घाट पहुंचकर स्नान करने आई महिलाओं से बातचीत की और शाम को होने वाले भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया।
Continue With Google