संजय कुमार, पटना। बिहार में राजस्व न्यायालयों की सुनवाई व्यवस्था को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई व्यवस्था का लोकार्पण किया। राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत शुरू की गई इस व्यवस्था से अब आम लोग घर बैठे ही अपने राजस्व मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।
नई व्यवस्था लागू होने से लोगों को राजस्व संबंधी मामलों के लिए बार-बार न्यायालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे आम लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों, गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इस डिजिटल व्यवस्था के तहत पक्षकार ऑनलाइन अपने साक्ष्य और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा वे अपने मामलों की वर्तमान स्थिति भी ऑनलाइन देख पाएंगे। सुनवाई की तारीख और समय की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। इसके साथ ही कॉल सेंटर और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से भी पक्षकारों को सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।
वर्चुअल सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन की सुविधा भी रहेगी। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में मदद मिलेगी। वहीं, राजस्व न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष सेल का गठन भी किया जाएगा।
लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस नई व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि राज्य के अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
सरकार के सात निश्चय-3 कार्यक्रम के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह पहल बिहार की राजस्व व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Continue With Google