पूर्णिया। जिले की प्रगति, विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने प्रेस वार्ता कर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत पूर्णिया ने पूरे देश में छठा स्थान हासिल किया है, जबकि बिहार में जिला पहले स्थान पर कायम है। उन्होंने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि विकास के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया जा रहा है।

डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी पूर्णिया जिला बिहार में पहले स्थान पर है। वहीं, लोक शिकायत निवारण के मामले में जिले ने दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा राजस्व एवं भूमि सुधार के क्षेत्र में भी पूर्णिया दूसरे पायदान पर है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के पीछे प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत के साथ-साथ जनसहभागिता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिलाधिकारी ने उद्योगों को बढ़ावा देने और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए नई पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को शाम 4 बजे से 5 बजे तक बियाडा कार्यालय में उद्योग संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी संबंधित अधिकारी, श्रम पदाधिकारी और अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। कोई भी उद्यमी उद्योग स्थापित करने या संचालन के दौरान आने वाली समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेगा, ताकि मौके पर ही समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके।

डीएम ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रशासन प्रतिबद्ध है। इसके तहत सोमवार और शुक्रवार को सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में जनता की समस्याएं सुनने के लिए उपलब्ध रहेंगे। आम नागरिक भी जिलाधिकारी से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याएं रख सकते हैं।

वहीं, कायाकल्प अभियान की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत कुल 5031 योजनाओं का सृजन किया गया है। इनमें आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी 805 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। शेष योजनाओं को भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम की भावना के अनुरूप सबका सम्मान और सबका विश्वास कायम रखते हुए विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ आम लोगों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।