अनिल कुमार शर्मा, पूर्णिया। शहर के बियाडा स्थित सभागार में कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक में मखाना के निर्यात को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में स्थानीय मखाना कारोबारियों और व्यापारियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को प्रमुखता से रखा।

बैठक का मुख्य फोकस बिहार के मखाना को अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान दिलाने के साथ उसके निर्यात को बढ़ावा देना रहा। इस दौरान मखाना की पैकेजिंग, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। एपीडा के प्रतिनिधि ने व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में मखाना के निर्यात से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देशों और पैकेजिंग के मानकों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि किस तरह व्यापारी एपीडा के माध्यम से अपने उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार कर सकते हैं। इसके साथ ही विदेशी बाजारों में आयोजित होने वाले सेमिनार और व्यापारिक कार्यक्रमों में भाग लेने की प्रक्रिया तथा उससे मिलने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने व्यापारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग और निर्धारित मानकों के अनुरूप अपने उत्पाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया।

वहीं, बैठक में मौजूद मखाना कारोबारियों ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि बिहार मखाना उत्पादन का प्रमुख केंद्र होने के बावजूद इसके निर्यात में हरियाणा का आगे रहना स्थानीय कारोबारियों के लिए दुखद है। उन्होंने कहा कि बिहार में मखाना का उत्पादन होता है, लेकिन इसका वास्तविक आर्थिक लाभ दूसरे राज्यों को मिल रहा है।

व्यापारियों का कहना था कि जब बिहार के मखाना का निर्यात सीधे पूर्णिया से होगा और विदेशी बाजारों से मिलने वाला पैसा यहां के कारोबारियों तक पहुंचेगा, तभी वे खुद को वास्तव में सफल मानेंगे। उन्होंने मखाना के निर्यात के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं, प्रोसेसिंग यूनिट, आधुनिक पैकेजिंग और मजबूत मार्केटिंग व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक में उम्मीद जताई गई कि एपीडा के सहयोग और व्यापारियों के प्रयास से बिहार के मखाना को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी तथा पूर्णिया मखाना निर्यात के एक बड़े केंद्र के रूप में उभर सकेगा।