नवगछिया में गंगा नदी में नाव हादसा, 6 मजदूर लापता; SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
डब्लू कुमार, (रिपोर्टर) भागलपुर/नवगछिया। भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक प्रखंड के राघोपुर इलाके में गंगा नदी में बुधवार को बड़ा नाव हादसा हो गया। मजदूरों को लेकर जा रही नाव बीच गंगा की तेज धारा में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
जानकारी के अनुसार, नाव पर कुल 18 मजदूर सवार थे, जो मजदूरी के सिलसिले में नदी पार कर रहे थे। नाव पलटते ही कई मजदूरों ने तैरकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। इनमें से 12 मजदूर सुरक्षित तैरकर घाट तक पहुंचने में सफल रहे, जबकि करीब 6 मजदूरों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीम मोटरबोट के साथ मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी की तेज धारा में लापता मजदूरों की तलाश के लिए सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाव पलटने के दौरान कुछ मजदूरों के नाव के नीचे दबे होने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय गोताखोर और ग्रामीण भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन की मदद कर रहे हैं।
हादसे से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नाव पलटने के बाद नदी में अफरा-तफरी का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
घटनास्थल पर वरीय प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता लापता मजदूरों को जल्द से जल्द तलाशना है।
