🏆 Join Competition

रंगदारी वसूली से पहले पुलिस से भिड़े अपराधी, मुठभेड़ में अनीश घायल; हथियारों का जखीरा बरामद

रंगदारी वसूली के लिए नाव से जा रहे थे अपराधी, पुलिस पर करीब 40 राउंड फायरिंग का आरोप; जवाबी कार्रवाई में अनीश कुमार को लगी गोली

संजय कुमार (ब्यूरो बिहार) पटना/बिहटा, 30 अगस्त। बिहटा थाना क्षेत्र में अवैध खनन के दौरान नाविकों को डरा-धमकाकर रंगदारी और पैसे वसूले जाने की सूचना पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। वरीय पदाधिकारी के निर्देशन में गठित विशेष पुलिस टीम ने नाव के जरिए रंगदारी वसूली के लिए जा रहे संदिग्ध अपराधियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, अपराधियों की फायरिंग में एक पुलिस पदाधिकारी के हाथ को छूते हुए गोली निकल गई, जबकि बिहटा थानाध्यक्ष भी घायल हुए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अनीश कुमार गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड, जबकि पुलिस की ओर से लगभग 22 राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ अपराधी नदी में कूदकर फरार हो गए। वहीं, उनके एक साथी पियूष कुमार को नाव से गिरफ्तार कर लिया गया।

भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी में—

  • 01 देशी कट्टा
  • 02 देशी पिस्टल
  • 01 रायफल
  • 01 देशी कार्बाइन
  • करीब 25 जिंदा कारतूस

शामिल हैं।

अनीश पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

पुलिस के मुताबिक, घायल अपराधी अनीश कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। विगत वर्ष भी उससे संबंधित AK-47 हथियार बरामद किया गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ छह अन्य आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। गिरफ्तार पियूष कुमार का भी आपराधिक इतिहास बताया गया है।

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और पूरी घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं पर पुलिस की अग्रेतर जांच जारी है। पुलिस टीम ने अपराधियों की फायरिंग का साहस और तत्परता से सामना करते हुए प्रभावी कार्रवाई की।

पटना पुलिस का कहना है कि अपराध, रंगदारी और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581