🏆 Join Competition

72 घंटे बेहद अहम! गंडक बराज और तटबंधों का मंत्री ने किया निरीक्षण

गंडक बराज और तटबंधों का मंत्री नंदकिशोर राम ने लिया जायजा, बोले- स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

परवेज आलम (रिपोर्टर) बेतिया/पश्चिम चंपारण। नेपाल से जारी बाढ़ के खतरे को देखते हुए बिहार में एक बार फिर 72 घंटे का अलर्ट जारी किया गया है। इसी बीच बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदकिशोर राम ने पश्चिम चंपारण के बगहा और वाल्मीकिनगर क्षेत्र का दौरा कर गंडक नदी एवं गंडक बराज की स्थिति का जायजा लिया।

मंत्री ने बगहा के मंगलपुर होते हुए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बराज के साथ-साथ आसपास के कई बांधों और तटबंधों का भी जायजा लिया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से बराज और तटबंधों की सुरक्षा व्यवस्था, जलस्तर तथा प्रशासन की तैयारियों को लेकर विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के बाद नंदकिशोर राम ने दावा किया कि फिलहाल गंडक बराज और आसपास की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार किसी भी आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है और गंडक नदी के जलस्तर सहित पूरे क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मंत्री ने कहा कि उनके आग्रह पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी एक दिन पहले वाल्मीकिनगर पहुंचे थे और उन्होंने भी स्थिति का जायजा लिया था। नंदकिशोर राम ने भरोसा जताते हुए कहा कि भगवान महादेव की कृपा बनी रहेगी और सरकार हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

उन्होंने नेपाल में आई त्रासदी पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए ईश्वर से उन्हें इस कठिन घड़ी में संबल और हिम्मत देने की कामना की।

मंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता से काम करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581