🏆 Join Competition

पूर्णिया में 140 महिलाओं को मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबी, डीएम ने पौधा देकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पूर्णिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्णिया जिले में 140 लाभुक महिलाओं को उनके पक्के घर की चाबी सौंपी गई। महानंदा सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने लाभुक महिलाओं को आवास की चाबी के साथ महोगनी का पौधा भी प्रदान किया। घर की चाबी मिलने के बाद लाभुक महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।

इस मौके पर डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में व्यापक स्तर पर सर्वे कराया गया है। सर्वे के दौरान करीब तीन लाख लोगों ने पक्के आवास की आवश्यकता जताई है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में अब तक करीब 28 हजार लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। इनमें करीब 13 हजार आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को पक्की छत उपलब्ध हो। इसी दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र लाभुकों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजना सिर्फ पक्का मकान उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए पांच डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान लाभुक महिलाओं को आवास की चाबी सौंपने के साथ महोगनी के पौधे भी दिए गए। अधिकारियों ने लोगों से पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581