युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ने के लिए स्कूल-कॉलेजों में खुलेंगे इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब
पटना। राजधानी पटना के ज्ञान भवन में सोमवार को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शिरकत की। इस दौरान बिहार के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मुख्य चुनाव आयुक्त ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें चुनाव प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया से जोड़ना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जाएंगे। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता अधिकार, चुनावी प्रक्रिया और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे न केवल स्वयं मतदान के प्रति जागरूक हों, बल्कि अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने युवाओं को ECINET के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से चुनाव से संबंधित विभिन्न जानकारियां और सेवाएं आसानी से प्राप्त की जा सकती हैं।
इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने चुनाव प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक भागीदारी से जुड़े विभिन्न सवाल मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने रखे। ज्ञानेश कुमार ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए उन्हें चुनावी प्रक्रिया को समझने और लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना और भविष्य के जिम्मेदार मतदाता के रूप में तैयार करना रहा।
