पटना। जदयू की ओर से प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाले जनता दरबार में सोमवार को ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। जनता दरबार में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बिहार के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपनी समस्याएं लेकर जनता दरबार में पहुंचते हैं। इनमें सबसे अधिक मामले जमीन से जुड़े होते हैं। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों और अंचल अधिकारियों (सीओ) से संबंधित शिकायतें भी सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच कराई जाती है और मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश और मार्गदर्शन में जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याएं लगातार सुनी जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि जनता की शिकायतों का समाधान समय पर हो और लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अशोक धाम हादसे पर जताया दुख
लखीसराय के प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में भगदड़ की घटना पर श्रवण कुमार ने गहरा दुख जताया। उन्होंने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पीएचडी धारकों से शांतिपूर्ण तरीके से मांग रखने की अपील
पटना के गर्दनीबाग में पिछले करीब 13 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे पीएचडी धारकों के मुद्दे पर भी मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आंदोलनरत युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार के सामने रखने की अपील की।
श्रवण कुमार ने कहा कि युवाओं में आक्रोश के बजाय शांति होनी चाहिए। अपनी मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के समक्ष रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना जरूरी है।
