मुकेश सिंह, (बलिया) बेगूसराय । सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला के साथ कथित तौर पर पंचायत के नाम पर अमानवीय व्यवहार किए जाने और उसे थूक चटवाने का दावा किया जा रहा है। वायरल वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला बलिया थाना क्षेत्र के जानीपुर गांव का बताया जा रहा है। आरोप है कि एक महिला को कथित तौर पर एक घर में एक युवक के साथ पकड़े जाने के बाद गांव में विवाद उत्पन्न हो गया। इसके बाद कुछ ग्रामीणों ने महिला के साथ मारपीट की और उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। वायरल वीडियो में महिला को कथित तौर पर थूक चटवाने का भी दावा किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले ने तूल पकड़ लिया है और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मामले पर स्थानीय वार्ड पार्षद संजय यादव ने स्वीकार किया कि घटना उनके वार्ड की है। उनका कहना है कि एक महिला को कथित तौर पर एक नाबालिग के साथ पकड़ा गया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि महिला के साथ कथित तौर पर थूक चटवाने जैसी हरकत ग्रामीणों द्वारा की गई थी।
उधर, वायरल वीडियो को लेकर पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बलिया डीएसपी सुबोध कुमार ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो कानून अपने हाथ में लेने तथा किसी व्यक्ति के साथ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार करने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और दोषियों के विरुद्ध होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।
