मिल्लिया कॉन्वेंट में साहित्यिक माहौल, प्रेमचंद जयंती पर बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

पूर्णिया। हिन्दी साहित्य के महान कथाकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की 146वीं जयंती शनिवार को रामबाग स्थित मिल्लिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल में साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रदर्शनी, कविता पाठ, भाषण, कहानी वाचन तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रेमचंद के साहित्य और उनके विचारों को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य श्री युगल किशोर झा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद भारतीय साहित्य के ऐसे युगद्रष्टा लेखक हैं, जिनकी रचनाएं आज भी समाज को दिशा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में लिखा गया प्रेमचंद का साहित्य भारतीय समाज, किसानों और आम जनजीवन का जीवंत दस्तावेज है।

मुख्य अतिथि पूर्व निदेशक, आकाशवाणी पूर्णिया डॉ. प्रभात नारायण झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रेमचंद के प्रमुख उपन्यास गोदान, गबन, प्रेमाश्रम, निर्मला, कर्मभूमि और रंगभूमि सहित उनकी चर्चित कहानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रेमचंद ने अपने साहित्य में भारतीय किसान, ग्रामीण जीवन और सामाजिक संघर्षों का यथार्थ चित्रण किया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि हिन्दी समाज अपने साहित्य को अपेक्षित सम्मान नहीं देता, जबकि अपनी भाषा और साहित्य से जुड़ना व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम के दौरान आराध्य मिश्रा, शाश्वत शंकर, स्मृति कुमारी, अंकित कुमार, दिया कुमारी, अनम खान, नवदुर्गा भगत, सोनाली झा, फातिमा, श्रेया चटर्जी, शगुन भारती, शारा खान एवं स्नेहा भारती ने प्रेमचंद साहित्य में किसान जीवन पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा कविता पाठ किया। वहीं सुदीक्षा कुमारी, राज आर्यन, निशांत कुमार, शिवम कुमार, सामरा फातिमा, सनम परवीन एवं पूर्णिमा कुमारी ने प्रेमचंद पर आधारित आकर्षक पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई।

विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए रंग भरो प्रतियोगिता, कविता पाठ, लघु भाषण, कहानी वाचन, पाठ वाचन, पुस्तक आवरण निर्माण तथा चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

समारोह के दौरान विद्यालय के प्राचार्य ने मुख्य अतिथि डॉ. प्रभात नारायण झा को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद पर चयनित विद्यालय के पूर्व छात्र हर्षित केडिया एवं उनके माता-पिता को भी सम्मानित किया गया। वर्तमान में हर्षित केडिया भारत सरकार के सांख्यिकी मंत्रालय, नई दिल्ली में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

मिल्लिया एजुकेशनल ट्रस्ट के सचिव-सह-निदेशक डॉ. असद इमाम तथा सहायक निदेशक आदिल इमाम ने अपने संदेश में कहा कि साहित्य ही समाज को सही दिशा दिखाने वाला सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रेमचंद ने अपनी रचनाओं के माध्यम से जिन आदर्शों को स्थापित किया, वे आज भी प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ शिक्षक उमेश प्रसाद सिन्हा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के उप-प्राचार्य मो. तनवीर अशरफ जोबैर, निम्मी रज़ा नौशीन, अपर्णा किरण, अमरेन्द्र झा, निरंजन कुमार श्रीवास्तव, यश राज, पी.के. झा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिदाया सारीन एवं प्रार्थना सभा का संचालन नवदुर्गा ने किया। अंत में उप-प्राचार्य मो. तनवीर अशरफ जोबैर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *