बिहार में शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया तेज, दो दिन में 22,591 अधिशेष शिक्षक पोर्टल से जुड़े

पटना। बिहार सरकार द्वारा लागू बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली-2026 के तहत शिक्षकों के समायोजन एवं समानुपातीकरण की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई से ऑनलाइन पोर्टल खुलने के बाद पहले दो दिनों में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया है।

विभाग के अनुसार अब तक 14,796 अधिशेष (सरप्लस) शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन जमा कर दिया है। वहीं 7,795 शिक्षकों ने आवेदन भरकर उसे सुरक्षित (सेव) रखा है, लेकिन अभी अंतिम रूप से सबमिट नहीं किया है। इस तरह पहले दो दिनों में कुल 22,591 अधिशेष शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया से जुड़ चुके हैं।

इसके अलावा म्युचुअल ट्रांसफर (पारस्परिक स्थानांतरण) के लिए भी शिक्षकों में उत्साह देखा गया है। विभाग के अनुसार दो दिनों में 2,142 शिक्षकों ने म्युचुअल ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।

शिक्षा विभाग ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी शिक्षक को तकनीकी या अन्य किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे कमांड कंट्रोल सेंटर के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही ई-शिक्षाकोष हेल्प डेस्क के नंबर 9523300520 एवं 9430820499 भी जारी किए गए हैं, जहां आवेदन संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

शिक्षा विभाग का कहना है कि स्थानांतरण एवं समायोजन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है, ताकि शिक्षकों को निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से सुविधा मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *