पूर्णिया। शहर के नेवालाल चौक पर 23 जुलाई की रात हुए चर्चित गोलीकांड का पूर्णिया पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने सोमवार को प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कांड में संलिप्त चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि 23 जुलाई की रात नेवालाल चौक स्थित एक चाय दुकान पर 5-6 अज्ञात अपराधियों ने शुभम कुशवाहा (पिता-अमरेंद्र कुशवाहा) एवं सागर कुमार (पिता-बलदेव प्रसाद मेहता), दोनों निवासी शांति नगर, ततमा टोली वार्ड संख्या-24, थाना मरंगा, को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। दोनों घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना के बाद घायल शुभम के पिता अमरेंद्र कुमार कुशवाहा के लिखित आवेदन पर मरंगा थाना कांड संख्या-277/26, दिनांक 24 जुलाई 2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 109(1), 61 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत 12 नामजद एवं 5-6 अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसएसपी ने बताया कि विशेष जांच दल (SIT), डीआईयू टीम तथा मरंगा थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की गहन जांच की। अनुसंधान के दौरान कांड का सफल उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी हैं:
देवा यादव उर्फ देवाशीष कुमार, पिता-गुड्डू यादव, निवासी कुस्थन, थाना बिहारीगंज, जिला मधेपुरा।
राजदीप कुमार, पिता-कुलदीप मेहता, निवासी सुकेला वार्ड-09, थाना भरगामा, जिला अररिया।
श्याम कुमार यादव उर्फ श्याम बिहारी, पिता-बालकृष्ण यादव, निवासी कांप बलिया वार्ड-04, थाना मोहनपुर, जिला पूर्णिया।
गौरव कुमार, पिता-जय यादव, निवासी शिशवा, थाना रघुवंशनगर, जिला पूर्णिया।
बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस तथा विभिन्न अभियुक्तों के पास से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि इस गोलीकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।
इस कार्रवाई में एसआईटी टीम, डीआईयू टीम, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, कुमार पंकज, राम कुमार, रिज्वानुल्लाह एवं शैलेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
