जनता का मूड क्या कहता है? बांकीपुर में वोटिंग से पहले बड़ा संकेत!

बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और शाम 6 बजे तक चलेगा। इस उपचुनाव में कुल 3 लाख 79 हजार 616 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सभी प्रत्याशियों की किस्मत आज इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में कैद हो जाएगी, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद यह स्पष्ट होगा कि बांकीपुर का नया विधायक कौन होगा।

मतदान के दौरान पटना विमेंस कॉलेज स्थित बूथ संख्या-94 पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवा मतदाताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी मतदान केंद्र पहुंचे। कई बुजुर्ग मतदाताओं ने व्हीलचेयर की सहायता से मतदान केंद्र तक पहुंचकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के बाद कुछ मतदाताओं ने संकेतों में बदलाव की उम्मीद जताई। उनका कहना था कि देश में बदलाव की एक नई लहर दिखाई दे रही है। विशेष रूप से युवाओं और छात्रों से जुड़े हालिया घटनाक्रम को लेकर लोगों में नाराजगी है और इसका असर बांकीपुर उपचुनाव के मतदान पर भी देखने को मिल सकता है।

उधर, जिला प्रशासन ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है तथा मतदान प्रक्रिया पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

अब सभी की निगाहें 3 अगस्त को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने किस प्रत्याशी को अपना नया जनप्रतिनिधि चुना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *