राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित इस्कॉन मंदिर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तीन संदिग्ध आतंकवादियों के मंदिर परिसर में घुसने और दो पुजारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना फैली। हालांकि, बाद में स्पष्ट हुआ कि यह पूरी कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आयोजित एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) की मॉक ड्रिल का हिस्सा थी।
मॉक ड्रिल के दौरान आतंकवादी हमले जैसी स्थिति का अभ्यास किया गया। परिदृश्य के अनुसार, तीन आतंकवादी मंदिर परिसर में घुसे और दो पुजारियों को बंधक बना लिया। बंधक बनाए गए पुजारियों की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी केशव कुमार और खगड़िया निवासी ज्ञान के रूप में की गई।

ड्रिल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस्कॉन मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह खाली कराया गया। सूचना मिलते ही ATS की विशेष टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा पूरे ऑपरेशन का अभ्यास किया।

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आतंकवादी हमले जैसी आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और बचाव अभियान की तैयारियों का परीक्षण करना था। अभ्यास के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम भी उठाए गए।
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि ऐसी मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
