करन कुमार, ब्यूरो कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में बारसोई अंचल के बलतर पंचायत में तैनात एक राजस्व कर्मचारी कथित तौर पर एक व्यक्ति से पॉलीथिन कैरी बैग में पैक ₹95 हजार लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और जिला प्रशासन ने इसकी जांच शुरू करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित राजस्व कर्मचारी रविकांत रंजन पिछले दो वर्षों से अधिक समय से बलतर पंचायत में पदस्थापित हैं। आरोप है कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों को कराने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से रकम की मांग की जाती रही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और सोशल मीडिया पर लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और संबंधित कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम ने कहा कि कटिहार जिला प्रशासन भ्रष्टाचार के मामलों में पहले भी सख्त रुख अपनाता रहा है और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाती रही है। उन्होंने दोहराया कि बिहार सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और किसी भी शिकायत या वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया जाएगा।
फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है। प्रशासन की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए जा रहे दावे कितने सही हैं और इस मामले में किसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
