पाटलिपुत्र स्टेशन पर अभ्यर्थियों का हंगामा, ट्रेन में तोड़फोड़; पुलिस ने की हवाई फायरिंग
संजय कुमार, पटना, संवाददाता। बिहार पुलिस के मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए स्टेशन पर जुट गए। पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं होने के आरोप को लेकर अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया, जिसके चलते कुछ समय के लिए रेलवे परिचालन भी प्रभावित हुआ।
जानकारी के अनुसार, भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी। परीक्षा में शामिल होने के लिए विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी देर रात से ही स्टेशन पर पहुंचने लगे थे। इसी दौरान पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन में सवार होने को लेकर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन में चढ़ने की होड़ के बीच स्थिति बेकाबू हो गई और कई अभ्यर्थी ट्रेन के आगे बैठकर धरने पर बैठ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा ट्रेन के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है। इससे स्टेशन परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। मौके पर आईजी जितेंद्र राणा, एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। हंगामे के दौरान आईजी जितेंद्र राणा को हल्की चोट लगने की सूचना है, जबकि रूपसपुर थाना प्रभारी भी मामूली रूप से घायल हुए हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तीन राउंड हवाई फायरिंग की। इसके बाद भी कुछ समय तक अभ्यर्थियों की नारेबाजी जारी रही। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।
फिलहाल स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और रेलवे प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और ट्रेन परिचालन सामान्य करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
