पत्नी के निजी फोटो-वीडियो वायरल करने वाला पति गिरफ्तार, कटिहार साइबर थाना की कार्रवाई
राजेश कुमार कर्ण, ब्यूरो कटिहार। कटिहार में पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर संदेह के कारण एक पति ने उसके निजी पलों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। मामले की शिकायत मिलने के बाद कटिहार साइबर थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मनिहारी निवासी दयानंद की पत्नी ने कटिहार साइबर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उसके पति द्वारा उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दयानंद को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए साइबर डीएसपी आसिफ आलम ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन से पत्नी के कई निजी और आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बरामद किए गए हैं। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक था। इसी संदेह के कारण उसने गुस्से में आकर निजी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। हालांकि, आरोपी ने अपने कृत्य पर पछतावा भी जताया है।
साइबर डीएसपी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की निजी तस्वीर या वीडियो उसकी अनुमति के बिना सार्वजनिक करना गंभीर साइबर अपराध है और ऐसे मामलों में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करें और किसी की निजता का उल्लंघन न करें।
कटिहार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
